वीडियो न्यूज : उपस्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर दूसरे दिन धरना : उपस्वास्थ्य केंद्र गलत जगह बनाने का विरोध, सोमवार से आंदोलन तेज करने की चेतावनी

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 04 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना के नरसिंहपुरी में उप स्वास्थ्य केंद्र के गलत जगह पर भवन निर्माण को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों की मांग है कि भवन निर्माण को बंद कर आवंटित मुख्य सड़क की भूमि पर किया जाए।

नौजवान सभा के जिला सचिव और नरसिंहपुरी के पूर्व सरपंच एडवोकेट गोपाल सैनी ने कहा कि उपस्वास्थ्य केंद्र नरसिंहपुरी के लिए कर्णपुरा में मुख्य सड़क पर कुल 600 वर्ग मीटर भूमि आवंटित है। इसके विपरीत, ग्राम पंचायत नरसिंहपुरी ने नरसिंहपुरी गांव में एक गली के अंदर 249.70 वर्ग मीटर भूमि का पट्टा उपस्वास्थ्य केंद्र के नाम जारी कर दिया। इसी जगह पर चिकित्सा विभाग ने भवन निर्माण शुरू करवा दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर वाहन जाने के लिए रास्ता भी नहीं है। उनकी मांग है कि उपस्वास्थ्य केंद्र का भवन निर्माण कर्णपुरा में मुख्य सड़क पर आवंटित 600 वर्ग मीटर भूमि पर ही किया जाए। इससे कर्णपुरा, नरसिंहपुरी, झांकड़ा, सतीमोड़ और त्रिलोकपुरा सहित आसपास के गांवों और ढाणियों की आम जनता को आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

ग्रामीणों ने बताया कि भवन निर्माण को लेकर विभाग को तीन बार ज्ञापन देकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन बीसीएमओ जनहित में कार्य नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी, तब तक धरना जारी रहेगा और सोमवार से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरने में कॉमरेड गोपाल सैनी (पूर्व सरपंच नरसिंहपुरी), कॉमरेड ओमप्रकाश सैनी, कॉमरेड पूर्ण सिंह कुड़ी, नंदा राम, गीगा राम, माड़ू राम, शिवचंद और कॉमरेड विनय प्रकाश सैनी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit