जयपुर मे NEET छात्रा ने की आत्महत्या : छात्रा कई दिनों से अवसाद में थी, सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 05 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जयपुर के बगरू थाना क्षेत्र में नीट परीक्षा देने वाली एक 23 वर्षीय छात्रा द्वारा अवसाद मे कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है । इस घटना के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

मृतका की पहचान ठीकरिया निवासी कनिका जैन पुत्री कर्पूरचंद जैन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थी तथा उसका उपचार भी चल रहा था। वही घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह कनिका अपने पिता के साथ फगोड़ियावाला स्थित जैन मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंची थी। पूजा के बाद जब उसके पिता बाहर आए तो कनिका वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें वह मंदिर के पास स्थित कुएं की ओर जाती दिखाई दी। कुएं के पास उसकी चप्पलें मिलने पर अंदर देखा गया तो उसका शव दिखाई दिया।

सूचना पर बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सचिन पायलट ने साधा निशाना :-

घटना के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रा की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा और पेपर लीक जैसे मामलों ने देशभर के विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। पायलट ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर केंद्र सरकार की चुप्पी चिंताजनक है और छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit