फोटो : फाइल फोटो
जोधपुर, 06 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हरदेवराम को 40,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, एक परिवादिया ने एसीबी की स्पेशल यूनिट जोधपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के मुताबिक, परिवादिया के पति के साथ मारपीट का एक मुकदमा शास्त्री नगर थाने में दर्ज था। वहीं, दूसरी पार्टी ने भी परिवादिया के पति और अन्य के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज करवा रखा था। इन दोनों ही मामलों की जांच एएसआई हरदेवराम कर रहे थे।
आरोपी एएसआई हरदेवराम ने परिवादिया के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने और उनके साथ मौजूद व्यक्ति (सुंडाराम) का नाम केस से हटाने के एवज में "खर्चा-पानी" मांगा था। इसके लिए परिवादिया ने पहले ही आरोपी को 5,000 रुपए दे दिए थे।
इसकी शिकायत पीड़ित ने एसीबी मे की । शिकायत का सत्यापन होने के बाद, एसीबी जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन और स्पेशल यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
निरीक्षक पुलिस उमेश कुमार विश्नोई और उनकी टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी एएसआई हरदेवराम रिश्वत की रकम लेने परिवादिया के निवास पर पहुंचा और 40,000 रुपए लेकर अपनी पैंट की जेब में रखे, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment