फोटो : फाइल फोटो
झालावाड़, 07 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले में सारोलाकला क्षेत्र के खंडी गांव में रास्ते के मामूली विवाद को लेकर खूनी संघर्ष । तलवार से हुए खूनी संघर्ष मे एक युवक की जान चली गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में जबरदस्त आक्रोश का माहौल । गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के बाड़े में आग लगा दी।
जानकारी के मुताबिक, खंडी गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि छीतरलाल धाकड़, राजू उर्फ राजेंद्र और भगवानलाल धाकड़ ने मिलकर इंद्रराज धाकड़ पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया।
तलवार के वार से इंद्रराज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण रविवार शाम को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
मौत के बाद ग्रामीण भड़के :-
युवक का शव गांव पहुँचने पर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हत्या से आक्रोशित भीड़ ने सोमवार शाम को आरोपियों के बाड़े पर धावा बोल दिया और वहां आग लगा दी। बाड़े में भारी मात्रा में कटी हुई लहसुन की फसल रखी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे करीब 10 बीघा क्षेत्र में फैला पूरा लहसुन जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस बल तैनात:-
घटना की सूचना मिलते ही सारोला थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने हत्या और आगजनी दोनों अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment