फोटो : फाइल फोटो
सीकर, 07 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना आमजन के लिए जीवनदायनी साबित हो रही है। योजना के तहत आमजन का मर्ज, बिना किसी कर्ज के मिट रहा है। जिले के लक्ष्मणगढ़ के जिला अस्पताल में 70 वर्षीय वृद्ध के हाथ की हड्डी का निशुल्क ऑपरेशन हुआ है।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ अटल भास्कर ने बताया कि क्षेत्रवासियों को अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय सुविधाएं व सेवाएं उपलब्ध हो रही है। वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. हैदर अली के नेतृत्व में 70 वर्षीय मरीज राधेश्याम इंदौरिया के एक हाथ की (अल्ना) हड्डी का मंगलवार को सफल ऑपरेशन हुआ है।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अटल भास्कर ने बताया कि राधेश्याम करीब 10 दिन पहले गिरने से घायल हो गए थे, जिससे उनके एक हाथ की (अल्ना) हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। परिजन उनको अस्पताल लेकर आए। अस्थि रोग ओपीडी में जांच के बाद वरिष्ठ आर्थाेपेडिक विशेषज्ञ डॉ. हैदर अली ने आवश्यक परीक्षण करवाया और ओपन रिडक्शन एंड इंटरनल फिक्सेशन विद प्लेट सर्जरी की सलाह दी। मंगलवार को चिकित्सालय में राधेश्याम का मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। अभी राधेश्याम की स्थिति संतोषजनक है। उन्होंने बताया कि सर्जरी में निश्चेतन विशेषज्ञ डॉ. सत्यपाल ढाका, ओटी प्रभारी मनोज कुमार, नर्सिंग अधिकारी इमरता देवी सहित ऑपरेशन थिएटर की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अटल भास्कर ने बताया कि वरिष्ठ आर्थाेपेडिक विशेषज्ञ डॉ. हैदर अली की सेवाएं शुरू होने से जिला चिकित्सालय में फ्रैक्चर के ऑपरेशन, प्लेट एवं स्क्रू फिक्सेशन, प्लास्टर प्रबंधन, जोड़ों की चोटों का उपचार तथा अन्य सामान्य अस्थि रोग संबंधी शल्य प्रक्रियाएं नियमित रूप से की जा रही हैं। इससे क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है तथा समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से चिकित्सालय में विशेषज्ञ सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। वरिष्ठ मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. संजय सैनी के पदस्थापन के बाद चिकित्सालय में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायरॉइड, हृदय रोग सहित अन्य सामान्य एवं जटिल बीमारियों के रोगियों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार नियमित रूप से मिल रहा है। जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ सेवाओं के सुदृढ़ होने से आमजन को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment