फोटो : फाइल फोटो
झुंझुनू, 08 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले में मंडावा के अग्निवीर आर्यन झाझड़िया (22) का बुधवार को उनके पैतृक गांव पीपल का बास में सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। अग्निवीर आर्यन को चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी।
इससे पहले आज सुबह 10:30 बजे उनकी पार्थिव देह दिल्ली से सड़क मार्ग से मंडावा लाई गई। मंडावा के अंबेडकर पार्क में अग्निवीर की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखी गई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोग पहुंचे।
यहां से पैतृक गांव तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। घर पर इकलौते बेटे की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन के दौरान मां सरोज देवी बेसुध हो गईं। बड़ी बहन पूनम का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वायुसेना के अधिकारियों ने आर्यन के पिता भागीरथ को तिरंगा सौंपा।
नहाते समय पैर फिसला :-
परिजनों के अनुसार, आर्यन चेन्नई (तमिलनाडु) स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान स्विमिंग पूल में नहाते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। आर्यन करीब ढाई साल से अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे थे।
करीब दो महीने पहले ही उनका ट्रांसफर चेन्नई हुआ था। दो महीने पहले ही वे छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव पीपल का बास आए थे और परिवार के साथ समय बिताने के बाद वापस चेन्नई लौट गए थे।
परिजनों के अनुसार, आर्यन 22 साल के थे और अविवाहित थे। वे परिवार के इकलौते बेटे थे। परिवार में पिता भागीरथ सिंह, मां सरोज देवी और दो बहनें हैं, जिनमें बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। आर्यन के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment