एडीएम भावना शर्मा की अध्यक्षता बैठक आयोजित :एडीएम ने 'मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण अभियान को गति देने के दिए निर्देश

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर , 08 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ यूथ अफेयर्स के ‘मेरा युवा भारत ’ पोर्टल पर जिले के युवाओं का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर भावना शर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में एडीएम भावना शर्मा ने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों को अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक 99 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और सीकर प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। सभी के सामूहिक प्रयासों से 15 अगस्त तक जिले को राजस्थान में प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि पोर्टल पर सरकारी विभागों एवं संस्थानों को भी ऑनबोर्ड किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, छात्रवृत्तियों, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, स्वयंसेवी गतिविधियों तथा भ्रमण कार्यक्रमों जैसी अनेक अवसरों की जानकारी एवं लाभ मिलेंगे। उन्होंने प्रत्येक विभाग, विद्यालय, महाविद्यालय और कोचिंग संस्थान में एक नोडल अधिकारी तथा एक कैंपस एंबेसडर नामित करने के निर्देश भी दिए।

जिला युवा अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पोर्टल पर पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने सभी संस्थानों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।

बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी, जूनियर रोजगार अधिकारी राकेश कुमार लाटा, विष्णु अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit