शहरी सेवा शिविर का एडीएम ने किया निरीक्षण : अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने लाभार्थियों को पट्टे, वित्तीय सहायता एवं ऋण स्वीकृति पत्र वितरित

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर, 09 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

सीकर नगर परिषद के सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 का गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं प्रशासक, नगर परिषद सीकर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने शिविर में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. मीणा ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जाए तथा अधिकतम मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कृषि भूमि नियमन के 11 पट्टों का वितरण किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के चार लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता के चेक तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के दो लाभार्थियों को 15-15 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित कर योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने परिषद परिसर में किए गए नवाचारों तथा मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र (आरआर सेंटर) का अवलोकन कराया।

इस अवसर पर वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा, राजस्व अधिकारी महेश चंद्र योगी, अधिशाषी अभियंता विकास मिश्रा एवं सचिव पूनम ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit