वीडियो न्यूज : डॉक्टर से मारपीट मामले मे डॉक्टर्स का विरोध : एडीएम और डिप्टी को सौंपा ज्ञापन, दो घंटे कार्य बहिष्कार, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 10 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना में ड्यूटी समाप्त होने के बाद क्वार्टर जा रहे गणेश्वर सीएचसी के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश गुर्जर पर हुए हमले के मामले में डॉक्टर्स ने शुक्रवार को दो घंटे कार्य बहिष्कार कर अतिरिक्त जिला कलेक्टर और पुलिस उपाधीक्षक को ज्ञापन सौंपा ।

कार्य बहिष्कार के दौरान डॉक्टर्स ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और सुरक्षा की मांग की। विरोध प्रदर्शन के कारण सुबह ओपीडी सेवाएं दो घंटे तक प्रभावित रहीं, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को काफी इंतजार करना पड़ा। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

डॉक्टर्स ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वही पुलिस ने मामले में एक नामजद आरोपी को हिरासत में लिया है।

बता दे कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद क्वार्टर जा रहे शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश गुर्जर के साथ पहले गाली-गलौज की गई, फिर अस्पताल परिसर में घुसकर मारपीट की गई। हमले में उनके एक हाथ में फ्रैक्चर और दूसरे हाथ की अंगुली में चोट आई। घटना के बाद ग्रामीणों और अस्पताल स्टाफ ने सीएचसी के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना दिया था, जिसे पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया।

सदर थाना प्रभारी राजेश डूडी ने जानकारी दी है कि नामजद आरोपियों में से एक को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि दूसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit