फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 14 जुलाई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को महिला कांग्रेस की जिला संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष खुशाल चौहान ने की, जबकि नीमकाथाना प्रभारी पायल सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में आगामी 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के दौरान आयोजित होने वाले "संसद चलो" अभियान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी के सभी सदस्यों, ब्लॉक पदाधिकारियों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, महिलाओं को संगठन से जोड़ने, गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने तथा महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई।
प्रदर्शन में महिलाएं लेंगी भाग :-
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष खुशाल चौहान ने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर संसद के मानसून सत्र के दौरान दिल्ली में आयोजित होने वाले "संसद चलो "विशाल प्रदर्शन में शेखावाटी क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी को लेकर महिला कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने जिला स्तर पर समन्वय समिति गठित कर अभियान को सफल बनाने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने बताया कि नीमकाथाना में आयोजित महिला जिला कार्यकारिणी की यह पहली संगठनात्मक बैठक रही, जिसे कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक और उत्साहवर्धक बताया।
मजबूत संगठन ही जनता की आवाज:-
नीमकाथाना प्रभारी एवं महिला कॉंग्रेस महासचिव पायल सैनी ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस ने सभी जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं महिला कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है। प्रत्येक महिला कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ने तथा संसद चलो अभियान में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण, पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर सुनीता सैनी, पूर्व सरपंच हर्षा सैनी, सुमन देवी, रितु स्वामी, प्रियंका सैनी, तनु स्वामी, पूनम कंवर, सोनू वर्मा, ममता कंवर, सुमित्रा कंवर, मीना कंवर, सीमा कंवर, नीमकाथाना ब्लॉक अध्यक्ष मदनलाल सैनी, पाटन ब्लॉक अध्यक्ष मालाराम वर्मा, नगर अध्यक्ष बलदेव यादव, पूर्व प्रधान कांता प्रसाद शर्मा, पूर्व सरपंच श्रीराम यादव, गोपाल सैनी, लीलाराम सैनी, श्रवण अग्रवाल, प्रेम यादव, प्रहलाद महराणियां सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment