फोटो : फाइल फोटो
झुंझुनू, 16 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
नीमकाथाना में गुरुवार को प्रसव के बाद महिला की मौत का मामला सामने आया है । परिजनों ने डॉक्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नीमकाथाना अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी डॉक्टर्स पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गुस्साई महिलाओं ने हॉस्पिटल के गेट को बंद कर दिया।
धरने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, पीएमओ, तहसीलदार सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश के प्रयास किया ।
नीमकाथाना के खादरा निवासी राजकुमार सैनी ने बताया कि उसकी पत्नी अंजली (25) को प्रसव पीडड़ा के चलते 12 जुलाई को नीमकाथाना के मातृ एवं शिशु हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। 14 जुलाई को अंजली की पहली डिलीवरी सिजेरियन से हुई।
राजकुमार ने बताया कि ऑपरेशन के बाद से अंजली को लगातार ब्लीडिंग होती रही, लेकिन अस्पताल में ब्लड चढ़ाने से मना कर दिया और इसे सामान्य ब्लीडिंग बताया। हालत बिगड़ने पर अंजली को जयपुर रेफर कर दिया। चौमू के बराला हॉस्पिटल में अंजलि को भर्ती किया गया, जहां दो यूनिट ब्लड चढ़ाया।
इसके बावजूद 15 जुलाई की रात को इलाज के दौरान अंजली की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन और ग्रामीण नीमकाथाना के मातृ एवं शिशु अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर्स पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने पर महिला को जयपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल से सरकारी एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। मजबूरी में निजी एम्बुलेंस से उसे जयपुर के बराला अस्पताल ले जाया गया। परिजन और ग्रामीण दोषी डॉक्टर्स पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
हायर सेंटर रेफर किया गया :-
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत कटारिया ने बताया कि अंजली को 12 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे भर्ती किया गया था। यह उसकी पहली डिलीवरी थी और मरीज में खून की कमी (एनीमिया) थी। भर्ती के दिन उसे एक यूनिट ब्लड चढ़ाया गया। 13 जुलाई को उसकी स्थिति सामान्य थी। 14 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे सिजेरियन ऑपरेशन से प्रसव कराया गया। इसके बाद करीब 3:30 बजे ब्लीडिंग शुरू हुई, जिसे नियंत्रित करने के प्रयास किए गए, लेकिन ब्लीडिंग नियंत्रित नहीं होने पर मरीज को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल, पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद है तथा परिजनों से वार्ता की जा रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment