फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 17 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
सीकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर के प्रवर्तन दस्ते एवं यातायात पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर नो पार्किंग जोन और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व नवनियुक्त यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने किया।
अभियान के दौरान बावड़ी गेट, सुभाष चौक, फतेहपुरी गेट से टैक्सी स्टैंड तक के क्षेत्र में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों, फुटपाथों एवं पटरी पर अवैध रूप से रेहड़ी-ठेले लगाकर यातायात एवं पैदल आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही फुटपाथों से अतिक्रमण हटवाकर आमजन के लिए आवागमन सुगम बनाया गया।
यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए हैं, इसलिए उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाए। उन्होंने वाहन चालकों से भी अनुरोध किया कि अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा नो पार्किंग क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा करने से बचें, जिससे यातायात बाधित न हो और नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद सीकर एवं यातायात पुलिस द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बनाने के लिए यह संयुक्त अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने एवं सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें और एक स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुगम यातायात व्यवस्था के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं कार्रवाई के दौरान नगर परिषद प्रवर्तन दस्ता प्रभारी सुबेदार राकेश कुमार व टीम, एवं संबंधित क्षेत्र जॉन प्रभारी मौजूद रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment