फोटो : फाइल फोटो
नागौर , 18 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डेगाना उपखंड की तिलानेश ग्राम पंचायत में शनिवार सुबह गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान वे खेत में निनाण (निराई) कर रही महिलाओं के बीच पहुंचे और खेती-किसानी तथा दैनिक जीवन से जुड़े अनुभव जाना ।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव में वे एक-दूसरे के सहयोग से खेतों में काम करती हैं। एक दिन सभी मिलकर एक महिला के खेत में निराई करती हैं और दूसरे दिन दूसरी महिला के खेत में। इससे काम जल्दी पूरा हो जाता है और गांव में आपसी प्रेम व सहयोग की भावना भी बनी रहती है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की इस सामूहिक कार्य संस्कृति की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण एकता का अच्छा उदाहरण बताया।
समस्या भी रखी :-
तिलानेश गांव में एक महिला ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि गांव का गंदा पानी उसके घर के सामने आकर भर जाता है। मुख्यमंत्री ने इसका कारण पूछा तो ग्रामीणों ने बताया कि आगे पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं होने से यह समस्या बनी हुई है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश देते हुए आश्वस्त किया कि जल्द ही इसका निराकरण किया जाएगा।
बुजुर्ग ने दुख साझा किया :-
इस दौरान एक बुजुर्ग ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपना दुख साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे और पत्नी का निधन हो चुका है और वे अकेले हैं। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि बुजुर्ग को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए। बातचीत के दौरान बुजुर्ग ने भावुक होकर बताया कि रात को उन्हें स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया था। तब उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा कि सुबह घर पर मिल लेना, मुख्यमंत्री स्वयं आएंगे। इस पर उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा, "हम तो आपके कबूतर हैं।"
बुजुर्ग की इस आत्मीय बात पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "मैं आपके दर्शन करने आया हूं।" मुख्यमंत्री के इस जवाब से वहां मौजूद ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे और पूरा माहौल आत्मीयता से भर गया। मुख्यमंत्री ने ग्राम विकास चौपाल के बाद तिलानेश गांव में ही रात्रि विश्राम भी किया और देर शाम तक ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment