फोटो : फाइल फोटो
सीकर, 18 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
राज्यपाल हरीभाऊ किशनराव बागड़े और राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को जिले के प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल सकराय धाम स्थित माता शाकम्भरी मंदिर में गुप्त नवरात्र के अवसर पर दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल एवं विधानसभा अध्यक्ष के मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पुष्पवर्षा के साथ उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस अवसर पर पंडित केदार शर्मा एवं डॉ. सुमन शर्मा ने राज्यपाल एवं विधानसभा अध्यक्ष का माता की चुनरी, साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा प्रसाद भेंट किया।
इसके उपरांत राज्यपाल बागड़े एवं विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने मंदिर परिसर स्थित मदनमोहन मंदिर में आयोजित शतचंडी अनुष्ठान में भाग लिया। आचार्य जगदीश प्रसाद शास्त्री एवं महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हो रहे अनुष्ठान में उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पूजा-अर्चना कर आहुतियां अर्पित कीं।
इस दौरान जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल, तहसीलदार भागीरथ यादव, सार्वजनिक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता शिखा, पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment