खाटूश्यामजी में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक : जिला कलेक्टर ने सेफ्टी ऑडिट, पार्किंग विकास, ड्रेनेज, पास सिस्टम एवं नो व्हीकल जोन सहित विभिन्न कार्यों के दिए निर्देश

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर, 21 जुलाई 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आधारभूत विकास कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं श्री श्याम मंदिर कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ विकास परियोजनाओं, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने (एवीवीएनएल के कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए कि कस्बे में स्थित सभी विद्युत पोलों का भौतिक सत्यापन कर तीन दिवस में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा जहां भी लापरवाही पाई जाए, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने पूरे खाटूश्यामजी कस्बे का व्यापक सेफ्टी ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नगर पालिका खाटूश्यामजी के अधिशाषी अधिकारी सहदेव चारण को निर्देशित किया कि अधिशाषी अभियंता (विद्युत) के साथ संयुक्त रूप से पूरे कस्बे का सेफ्टी ऑडिट कराया जाए। साथ ही निर्देश दिए कि खाटूश्यामजी में संचालित अथवा प्रस्तावित सभी विकास कार्य प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग कमेटी की स्वीकृति के बाद ही प्रारंभ किए जाएं, ताकि हैरिटेज स्वरूप एवं विकास कार्यों में समन्वय बना रहे।

बैठक में जिला कलेक्टर ने नगर पालिका क्षेत्र की 300 मीटर परिधि क्षेत्र में प्रतिदिन चार चरणों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सेवक गेट के पास कारपेट बिछाने तथा मंदिर में चढ़ाए जाने वाले फूलों के पुनः उपयोग के लिए राजीविका की स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हर्बल गुलाल एवं अन्य उत्पाद तैयार करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर कमेटी एवं राजीविका के बीच समन्वय स्थापित कर स्वयं सहायता समूहों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा ताकि औद्योगिक इकाई स्थापित हो सके।

कलेक्टर मोदी ने नगर पालिका खाटूश्यामजी क्षेत्र में वेंडिंग जोन, नोन वेंडिंग जोन चिन्हित कर सूचना बोर्ड एवं साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त राजू की चैन, अस्पताल चौराहा, तोरण द्वार तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित करने का पुलिस विभाग, नगर पालिका को प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा थाना मोड़ के अंदर जाने वाले मार्ग पर स्थित दो विद्युत पोलों को हटाने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, श्री श्याम मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, मंदिर प्रबंधक संतोष शर्मा, दांतारामगढ़ एसडीएम अमृता खण्डेलवाल,  थाना प्रभारी खाटूश्यामजी इन्द्राज मरोड़िया, मुख्य आयोजना अधिकारी अंजली सैनी, सार्वजनिक निर्माण विभाग की अधिशाषी अभियंता अनिता, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रवीण कुमार, खाटूश्यामजी वृत्त निरीक्षक राजेश जांगिड़, अशोक स्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit