फोटो : फाइल फोटो
चूरू , 22 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
चूरू में एक युवक को पावर बाइक से खतरनाक स्टंट करना महंगा पड़ा। कोतवाली पुलिस ने तारानगर निवासी विजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली।
कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से एक युवक शहर की विभिन्न सड़कों पर तेज रफ्तार में पावर बाइक चलाकर खतरनाक स्टंट कर रहा था। उसकी इन हरकतों से सड़क पर चल रहे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
सीसीटीवी कैमरे से पहचान :-
पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक की पहचान की। जांच के बाद आरोपी विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि चूरू शहर में यह पहला मामला है, जिसमें सड़क पर स्टंटबाजी कर लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सड़कें स्टंट करने की जगह नहीं हैं, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment