फोटो : फाइल फोटो
नई दिल्ली , 22 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्राओं ने पेपर लीक का जो मुद्दा उठाया है, हमें उसका राजनीतिकरण करने की जरूरत नहीं है। इसमें से राजनीतिक लाभ लेना उचित नहीं है। ये एक गहन समस्या है इस समस्या की गहनता से चर्चा होने की आवश्यकता रहती है।
नड्डा ने कहा कि भारत की संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक प्रस्तुतीकरण दिया और उसमें उन्होंने लगभग 150 पेपर लीक पर चर्चा की। सरकार एक जिम्मेवार सरकार है इसलिए निश्चित रूप से हर बात का जवाब जांच के साथ जनता के सामने रखेगी। मैं ये जरूर कहना चाहता हूं कि मुझे ध्यान में आया है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पंजाब, केरलम, कर्नाटक में पेपर लीक हुआ, इन सब में कांग्रेस या उनके समर्थन वाली सरकार है। इसकी बहुत लंबी सूची है।
उन्होंने कहा कि मैं विपक्ष के नेता से पूछना चाहूंगा कि आप चयनात्मक क्यों हैं? आपका उद्देश्य छात्रों का हित नहीं है। आप छात्रों की मांगों को लेकर राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। ये दुर्भाग्यपूर्ण है।
विपक्ष अपनी बात रखे, सरकार जवाब देगी :-
नड्डा ने कहा कि पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा होगी। हम इस पर विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार हैं। हम संसद के मंच पर पेपर लीक से जुड़ी हर बात पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। विपक्ष अपनी बात रखे, और सरकार जवाब देगी।
नड्डा ने कहा कि हम चाहते थे कि इस पर (पेपर लीक) पार्लियामेंट में चर्चा हो। कम समय की चर्चा, लंबे समय की चर्चा, बिज़नेस एडवाइज़री कमेटी में, आप तय करें कि आप कितना समय लेना चाहते हैं। आप 12 घंटे ले सकते हैं, आप 18 घंटे ले सकते हैं। राज्यसभा में सदन के नेता के तौर पर मेरा हमेशा से मानना रहा है कि विपक्ष जितने घंटे तय करेगा, हम चर्चा के लिए तैयार हैं। सरकार चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए और गोल पोस्ट नहीं बदलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें सोचना चाहिए कि हम इस समस्या को कैसे हल कर सकते हैं और पार्लियामेंट सबसे सही मंच है जहां हम इस बारे में गहराई से सोच सकते हैं। विपक्ष को समय तय करना चाहिए और उसमें हर पहलू पर चर्चा होनी चाहिए और हमें एक ठोस पॉलिसी बनानी चाहिए। बच्चे देश का भविष्य हैं। देश के भविष्य की देखभाल करना हमारी ज़िम्मेदारी है। इस ज़िम्मेदारी में सरकार के साथ-साथ विपक्ष भी शामिल है। इसलिए, मैं विपक्ष से अपनी ज़िम्मेदारी निभाने का आग्रह करता हूँ, और हम सभी को इस मुद्दे को सुलझाने और एक स्थायी समाधान की ओर बढ़ने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment