फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 24 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
नगर परिषद सीकर एवं यातायात पुलिस ने शूकवार को संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने एवं अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की।
नगर परिषद के अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी एवं ट्रेफिक इंचार्ज मनोज कुमार के नेतृत्व में रोडवेज बस डिपो क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नई यातायात व्यवस्था लागू की गई। बस डिपो की ओर आने वाले वाहनों को एशियन पेंट्स वाली गली से होते हुए देवीपुरा बालाजी मंदिर के समीप वन-वे मार्ग निर्धारित कर संकेतक बोर्ड लगाए गए, जिससे बस डिपो तिराहे पर वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सके।
इसी प्रकार पिपराली सर्किल पर लगने वाले यातायात जाम को कम करने के उद्देश्य से झुंझुनूं की ओर जाने वाली रोडवेज बसों के लिए सर्किल से लगभग 100 मीटर आगे पृथक बस स्टॉप चिन्हित कर बोर्ड स्थापित किए गए। वहीं जयपुर की ओर जाने वाली बसों के लिए भी अलग बस स्टैंड निर्धारित कर संकेतक लगाए गए। इसके अतिरिक्त बस डिपो तिराहे पर भी यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक संकेतक एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई।
ट्रेफिक इंचार्ज मनोज कुमार ने कहा कि सीकर शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। नई व्यवस्था से बस डिपो तिराहा, पिपराली सर्किल एवं आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या में कमी आएगी तथा आमजन को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित रूट, संकेतक बोर्ड एवं यातायात नियमों का पूर्ण पालन करते हुए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं :-
अतिक्रमण प्रभारी प्रमोद सोनी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नगर परिषद एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से ऐसे स्थानों पर लगातार अभियान चलाया जाएगा, जहां अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने दुकानदारों, रेहड़ी-ठेला संचालकों एवं आमजन से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सीकर शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
नगर परिषद एवं यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात सुधार एवं अतिक्रमण नियंत्रण के लिए यह संयुक्त अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी कार्रवाई में प्रवर्तन दस्ता टीम व यातायात पुलिस टीम व नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment