फोटो : फाइल फोटो
धौलपुर , 29 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
शहर की दुर्गा कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाश युवक का रिश्ता देखने के बहाने घर में दाखिल हुए और कुछ मिनटों में परिवार के लोगों को बंधक बनाकर लाखों रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए । घटना शहर के निहालगंज थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा कॉलोनी की है।
पीड़ित महिला शायरा ने बताया कि घटना के समय वह अपने बेटे और बेटी के साथ घर पर मौजूद थीं। तभी किसी ने गेट पर आवाज लगाई। जब उन्होंने बाहर जाकर देखा तो चार-पांच लोगों के साथ एक महिला और एक छोटा बच्चा भी खड़ा था।
पूछने पर उन्होंने खुद को अलीगढ़ का रिश्तेदार बताया। साथ ही कहा कि वे उनके बेटे को शादी के लिए देखने आए हैं। परिवार को किसी तरह का शक नहीं हुआ और उन्होंने सभी को घर के अंदर बुला लिया. मेहमान समझकर पानी भी पिलाया।
कुछ ही देर में बदल गया पूरा माहौल:-
घर के अंदर आने के कुछ देर बाद बदमाशों ने सभी दरवाजे बंद कर दिए। इसके बाद उन्होंने हथियार निकाल लिए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से परिवार घबरा गया। बदमाशों ने महिला, उसके बेटे और बेटी के साथ मारपीट की। इसके बाद तीनों के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि कोई शोर नहीं मचा सके। परिवार पूरी तरह बदमाशों के कब्जे में था।
जाते समय लगाई कुंडी :-
इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने बाहर से दरवाजों की कुंडी भी लगा दी, ताकि परिवार तुरंत बाहर निकलकर मदद नहीं मांग सके।
करीब रात 9 बजे शाहरुख किसी तरह पीछे के रास्ते से बाहर निकलने में सफल हुआ। इसके बाद उसने पड़ोसी के मोबाइल से आगरा में रहने वाले रिश्तेदारों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन धौलपुर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बैग छोड़कर गए :-
पुलिस जांच में सामने आया कि जल्दबाजी में आरोपी अपना एक बैग घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से भी जांच:-
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात का संबंध हाल ही में उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद क्षेत्र में बेची गई करोड़ों रुपए की संपत्ति से जुड़े विवाद से हो सकता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार ने कुछ समय पहले वहां अपनी जमीन बेची थी, जिसके बाद कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से खंगाल रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment