फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 30 जुलाई 2026
रिपोर्ट : एडिटर
सीकर में घर में घुसकर गर्भवती महिला का गला काटने का मामला सामने आया है । गर्भवती महिला प्रियंका पर हुए इस जानलेवा हमले मे अजन्मे बच्चे की जान चली गई । जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने छह महीने के भ्रूण को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जारी है।
पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया । आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए एक हलवाई से चाकू लिया था। घटना से एक दिन पहले ही आरोपी ने मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया था। घटना धोद थाना इलाके की है।
पुलिस के मुताबित, आरोपी सुरेश ने कुछ समय पहले प्रियंका से गाली-गलौज और झगड़ा किया था। प्रियंका ने यह बात पति को बताई। सुरेश का बड़ा भाई और प्रियंका का पति महाराष्ट्र में एक साथ फर्नीचर बनाने का काम करते हैं।
प्रियंका के पति ने सुरेश की इस हरकत की शिकायत उसके भाई से कर दी थी। जब भाई ने सुरेश को फटकार लगाई तो उसने रंजिश पाल ली और प्रियंका पर हमले की साजिश रची।
हलवाई से लिया चाकू :-
आरोपी ने 24 जुलाई को गांव के ही एक हलवाई से सब्जी काटने वाला बड़ा चाकू लिया। 27 जुलाई को अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। 28 जुलाई को जब प्रियंका के पिता बाजार गए, तो आरोपी ने मौका पाकर प्रियंका के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद वह बाइक से रिश्तेदारों के यहां भाग गया था, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया। वहीं पुलिस ने आरोपी सुरेश को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सुरेश को पांच दिन के लिए जेल भेज दिया।
एसपी प्रवीण नायक ने बताया कि हमले के बाद प्रियंका के शरीर से काफी खून बह चुका था। अस्पताल में उसे जो खून चढ़ाया जा रहा था, वह भी घावों से लगातार बाहर निकल रहा था। बहुत ज्यादा खून बहने के कारण उसके गर्भ में पल रहे 6 महीने के बच्चे की मौत हो गई। 29 जुलाई की दोपहर प्रियंका को गंभीर हालत में जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया।
इस घटना के विरोध में मंगलवार रात से ही ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धोद थाने के बाहर धरना दिया, जो बुधवार को आरोपी को हिरासत में लेने के बाद समाप्त हुआ।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment