फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 30 जुलाई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना पंचायत समिति में आयोजित उपखण्ड स्तरीय जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक में विधायक सुरेश मोदी ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शहर के बीच से प्रस्तावित शाहपूरा - चिडावा एस.एच.-13 सड़क के मुद्दे पर प्रशासन के समक्ष आमजन की भावनाओं और हितों को मजबूती से रखा।
विधायक सुरेश मोदी ने कहा कि संभवतः जब एस.एच.-13 सड़क की चौड़ाई ट्रेफिक को देखते हुए 80 फीट निर्धारित की गई थी, तब शहर के बीच से यातायात का दबाव अधिक होने के कारण यह निर्णय लिया गया होगा। लेकिन वर्तमान में परिस्थितियाँ बदल चुकी हैं। शहर के तीनों ओर बाईपास विकसित हो चुके हैं तथा महावा से जोरा मीणा की ढाणी तक एक नया बाईपास भी प्रस्तावित है। ऐसे में भविष्य में शहर के भीतर भारी यातायात का दबाव पहले जैसा नहीं रहेगा।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बदलती परिस्थितियों और जनहित को ध्यान में रखते हुए एस.एच.-13 की चौड़ाई 80 फीट के स्थान पर 60 फीट किए जाने पर गंभीरता से विचार किया जाए। इससे एक ओर सड़क का विकास कार्य भी सुचारु रूप से आगे बढ़ सकेगा, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों की वर्षों की मेहनत से अर्जित बेशकीमती संपत्तियों को अनावश्यक नुकसान से बचाया जा सकेगा।
विधायक मोदी ने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधाओं के लिए होते हैं, इसलिए विकास और जनहित के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से इस विषय में संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे विकास भी हो और आमजन के हित भी सुरक्षित रहें।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment