फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 31 जुलाई 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना में शाहपुरा रोड से सिरोही नदी तक प्रस्तावित सड़क मार्ग से अतिक्रमण हटाने के मामले में राजस्थान हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
मामले में नीमकाथाना एसडीएम राजवीर यादव ने बताया कि हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट भेज दी गई है। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं।
बता दे कि राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने 17 जुलाई 2026 को डी.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 9082/2025 में सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को दो सप्ताह में स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे। न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि तय समय तक रिपोर्ट पेश नहीं होने पर 31 जुलाई को एसडीओ, नीमकाथाना को व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित होना होगा। शुक्रवार को इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट पेश की गई ।
याचिकाकर्ता जुगल किशोर की ओर से अधिवक्ता प्रवीण बलवदा एवं भावना चौधरी ने पक्ष रखा। याचिकाकर्ता ने मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी को भी ज्ञापन भेजकर पालिका सीमा गांवड़ी मोड़ से छावनी होते हुए शाहपुरा रोड से सिरोही नदी तक सड़क भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग दोहराई है।
ज्ञापन में दावा किया गया है कि वर्ष 1956-59 में करीब 80 फीट चौड़े सड़क मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहित की गई थी तथा मास्टर प्लान में इसकी चौड़ाई करीब 30 मीटर (100 फीट) दर्ज है। इसके बावजूद सड़क भूमि पर स्थायी निर्माण होने और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
याचिकाकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि 7 मई 2016 को अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए गए थे, लेकिन उनको अब नोटिस नहीं दिए गए। ज्ञापन में पुराने एसबीआई कार्यालय से रामलीला मैदान की ओर बने भवनों तथा रेलवे फाटक संख्या-76 से औद्योगिक क्षेत्र तक दर्ज गैर-मुमकिन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की भी मांग की गई है।
एसडीएम बोले- स्टेटस रिपोर्ट भेजी, मजिस्ट्रेट नियुक्त:-
एसडीएम राजवीर यादव ने बताया कि हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट भेज दी गई है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए मौका मजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर दिए गए हैं, ताकि कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक प्रक्रिया और कानून व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
पुलिस जाब्ता मांगा, टेंडर प्रक्रिया पूरी:-
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीकर पुलिस अधीक्षक से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मांगा है। वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर चुका है। पुलिस बल उपलब्ध होने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू किए जाने की तैयारी है।
प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले ही लोगों ने अपना ढांचा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है । लोगों ने मकानों और दुकानों की छतों से पट्टियां और गाटर हटनी शूरु कर दी है ।
खुद हटा रहे ढांचा :-
खेतड़ी रोड़ से लेकर शाहपूरा रोड़ - रेलवे पुलिया तक लोग अपने स्तर पर अपना ढांचा हटा रहे है । जिससे कि काम आने वाले पट्टियां और गाटर सहित अन्य सामान को समेट लिया जाए ।
खेतड़ी मोड़ से शाहपुरा रोड़ पर अनेक कॉम्प्लेक्स से भी खुद के स्तर पर ही ढांचा हटाने का कार्य किया जा रहा है । उन कॉम्प्लेक्स के आगे के हिस्से से फ्रेम आदि हटाने का कार्य पिछले एक हफ्ते से चला आ रहा है । वही अब प्रस्तवित 80 फिट के दायरे मे आने वाले हिस्से को कटर से कटवाया जा रहा है। जिससे की बुलडोज़र से बाकी हिस्से को नुकसान नहीं हो ।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment