फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 03 अगस्त 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना में शाहपुरा–चिड़ावा स्टेट हाईवे-13 के सड़क चौड़ीकरण के तहत सोमवार को पहले दिन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समाप्त हो गई । कार्रवाई की शुरुआत सिरोही नदी क्षेत्र से की गई, जो शाम को कपिल मंडी पेट्रोल पंप तक पहुंची । प्रस्तावित 80 फीट चौड़ी सड़क के दायरे में करीब 186 अतिक्रमण प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन के अनुसार यह अभियान मंगलवार तक चलेगा।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से सड़क सीमा में आने वाले पक्के निर्माण हटाए गए। कई दुकानों, मकानों और बहुमंजिला इमारतों के आगे निकले हिस्सों को ध्वस्त किया गया। बीच-बीच में हल्के विवाद की स्थिति भी बनी, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखी।
चारों आऊर छाया गुबार :-
कार्रवाई के दौरान शाहपूरा रोड़ पर एक चार मंजिला बिल्डिंग पर हुई कार्रवाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा रहे। बिल्डिंग के नीचे गिरने पर चारों और धूल का गुबार छा गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
एसडीएम राजवीर यादव ने बताया कि शहरवासियों का सहयोग मिला है और अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संचालित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन निर्माणों के संबंध में न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त है, उन पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
तहसीलदार वी.पी. सिंह नरुका ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। प्रभावित लोगों को पूर्व सूचना देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, ताकि उनका नुकसान कम से कम हो। सड़क को चरणबद्ध तरीके से 80 फीट चौड़ा किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम राजवीर यादव, तहसीलदार वी.पी. सिंह नरुका, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता खेताराम चौधरी सहित प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
हाईकोर्ट में 100 फीट चौड़ीकरण को लेकर सुनवाई:-
उल्लेखनीय है कि शाहपुरा–चिड़ावा मार्ग पर गांवड़ी मोड़ से छावनी होते हुए सिरोही नदी तक मास्टर प्लान के अनुसार 30 मीटर (करीब 100 फीट) चौड़ी सड़क के लिए अतिक्रमण हटाने संबंधी जनहित याचिका राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है। यह याचिका आस्था जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जुगल किशोर की ओर से दायर की गई है। मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण बलवदा एवं अधिवक्ता भावना चौधरी पैरवी कर रहे हैं।
सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान अधिवक्ता प्रवीण बलवदा ने न्यायालय के समक्ष मास्टर प्लान के अनुरूप 100 फीट चौड़ी सड़क के लिए अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई 18 अगस्त 2026 निर्धारित की है। फिलहाल प्रशासन 80 फीट चौड़ीकरण के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment