वीडियो न्यूज : नीमकाथाना में दो दिन से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई : कल ROB के नीचे से हटेगा अतिक्रमण, अतिक्रमण टूटने के बाद बदली शहर की सूरत

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 04 अगस्त 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना में  शाहपुरा–चिड़ावा स्टेट हाईवे-13 सड़क  के 80 फीट चौड़ीकरण के लिए प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान मंगलवार को दूसरे दिन भी लगातार जारी रहा। दूसरे दिन कार्रवाई जिला अस्पताल से शुरू होकर खेतड़ी रोड तक की गई।

इस दौरान सड़क सीमा में आने वाले पक्के निर्माण, दुकानों के आगे निकले हिस्से, चबूतरे और अन्य अतिक्रमण जेसीबी व पोकलेन मशीनों की मदद से हटाए गए। अभियान के दौरान कई मकानों और बहुमंजिला इमारतों के आगे बने हिस्सों को भी ध्वस्त किया गया।

इससे पहले सोमवार को कार्रवाई सिरोही नदी क्षेत्र से शुरू हुई थी, जो शहर के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंची। दो दिनों से लगातार चल रही कार्रवाई के चलते पूरे मार्ग का स्वरूप बदलता नजर आने लगा है। प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित 80 फीट चौड़ी सड़क के दायरे में करीब 186 अतिक्रमण प्रभावित हो रहे हैं।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। बीच-बीच में कुछ स्थानों पर लोगों ने आपत्ति भी जताई, लेकिन प्रशासन ने समझाइश के बाद शांतिपूर्ण ढंग से अभियान जारी रखा।

एसडीएम राजवीर यादव ने बताया कि शहरवासियों का सहयोग मिल रहा है और अभियान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। जिन निर्माणों पर न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त है, उन पर फिलहाल कार्रवाई नहीं की जा रही है।

तहसीलदार वी.पी. सिंह नरुका ने बताया कि प्रभावित लोगों को पहले ही नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, ताकि उनका नुकसान कम हो। सड़क चौड़ीकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।

कल आरओबी क नीचे :-
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बुधवार को भी जारी रहेगी । अभियान के तहत बुधवार रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू रहेगा । 

कार्रवाई के दौरान एसडीएम राजवीर यादव, तहसीलदार वी.पी. सिंह नरुका, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता खेताराम चौधरी सहित प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन:-
शाहपुरा–चिड़ावा मार्ग पर गांवड़ी मोड़ से सिरोही नदी तक मास्टर प्लान के अनुसार 100 फीट सड़क चौड़ीकरण को लेकर दायर जनहित याचिका राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है। मामले की अगली सुनवाई 18 अगस्त को निर्धारित है। फिलहाल प्रशासन 80 फीट चौड़ीकरण के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558

Related News

Leave a Comment

Submit