अब भारत का UPI इज़राइल में भी चलेगा : पीएम मोदी - नेतन्याहू की मौजूदगी में MoU साइन, पीएम मोदी बोले - इज़राइल आना मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण

फोटो  : फाइल फोटो 

जेरूसलम, 26 फरवरी 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

भारत और इज़राइल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौजूदगी में कई MoU पर हस्ताक्षर किए। इसमें भारतीय UPI का इज़राइल में इस्तेमाल के लिए समझौता भी शामिल है। इसकी जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी है ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि इज़राइल में UPI के इस्तेमाल के लिए समझौता किया गया है। डिजिटल स्वास्थ्य के लिए भी हम अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रक्षा के क्षेत्र में हमारा दशकों पुराना विश्वसनीय सहयोग रहा है, पिछले वर्ष हुए MoU से इसमें नए आयाम जुड़ेंगे। हम मिलकर संयुक्त विकास, संयुक्त उत्पादन और प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

फ्री ट्रैड की दिशा में कदम जल्द :-

पीएम मोदी ने कहा कि आज की बैठक में हमने अपने सहयोग को नई दिशा और तेज गति देने पर चर्चा की। हमारा आर्थिक सहयोग, ग्रोथ, इनोवेशन और साझा समृद्धि का इंजन बना हुआ है। आपसी निवेश को बढ़ावा देने के लिए हमने पिछले वर्ष द्विपक्षीय निवेश समझौता अग्रीमेंट किया, हम जल्द ही पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौता को अंतिम रूप देंगे। तकनीक हमारी भावी साझेदारी का केंद्र है, आज हमने क्रिटिकल एंड एमर्जिंग टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप स्थापित करने का निर्णय लिया है। इससे AI, क्वांटम और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग को गति मिलेगी ।

मज़बूत आधारशिला :-

पीएम ने  कहा कि हमारे संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की मज़बूत आधारशिला पर स्थापित है।  आज हमने अपनी समय परीक्षित साझेदारी को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। यह दोनों देशों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।

फलदार और दिलदार मुलाकात :-

इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह एक शानदार दौरा है, एक शानदार विज़िट का शानदार अंत। यह छोटी लेकिन बहुत ज़्यादा फलदार और दिल को छूने वाली मुलाकात थी। मुझे लगता है कि कल नेसेट में आपके दिल को छूने वाले बयान के बाद इज़राइल में किसी की भी आंख सूखी नहीं रही। मैं आपको बता सकता हूं कि तब से हमें न केवल अपने दिलों में गहराई से देखने का मौका मिला है, बल्कि हमारे दोनों देशों में मौजूद शानदार दिमागों को देखने का भी मौका मिला है। 

पीएम ने जताया आभार :-

पीएम मोदी ने कहा कि मेरे और भारतीय प्रतिनिधिमंडल के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं प्रधानमंत्री नेतान्यहू का फिर से आभार करता हूं। 9 वर्ष पहले मुझे इज़राइल की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य मिला था। एक बार फिर यहां आना मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। कल मुझे इज़राइल की संसद को संबोधित करने का अवसर मिला, वहां मुझे स्पीकर ऑफ़ द नेसेट मेडल से सम्मानित किया गया।  मैं इस सम्मान के लिए इज़राइल के स्पीकर, प्रधानमंत्री और यहां के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। इसे मैं 140 करोड़ भारतवासी और भारत-इज़राइल मित्रता को समर्पित करता हूं।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit