फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 10 फरवरी 2025
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर संभाग और नीमकाथाना जिले की बहाली को लेकर बड़ा बयान दिया है। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में सीकर संभाग और नीमकाथाना जिले को बहाल किया जाएगा।
दरसल डोटासरा सोमवार को सीकर कोर्ट परिसर के बाहर अभिभाषक संघ द्वारा चलाए जा रहे क्रमिक अनशन में पहुंचे थे , जहां उन्होंने अधिवक्ताओं और स्थानीय जनता को समर्थन दिया।
डोटासरा ने कहा - शेखावाटी की जनता से मेरा वादा है.. कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक में सीकर संभाग एवं नीमकाथाना जिला बहाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा - भाजपा ने राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर शेखावाटी की जनता के साथ अन्याय किया है। पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव में भाजपा को शेखावाटी में मिली करारी शिकस्त का बदला जनता के हितों पर कुठाराघात करके लिया गया।
डोटासरा ने कहा - क्षेत्र का हर व्यक्ति भाजपा सरकार के निर्णय की निंदा कर रहा है। सत्ता में बैठे लोगों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
एक झटके में खत्म किए जिले और संभाग:-
डोटासरा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि दिल्ली से आई एक पर्ची के आधार पर सरकार ने 9 जिले और 3 संभागों को एक झटके में समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2 साल पहले जनता को राहत देने के लिए 17 नए जिले और 3 नए संभाग बनाए थे, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही इसे खत्म करने का निर्णय ले लिया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358147558
Leave a Comment