फोटो : फाइल फोटो
जयपुर , 25 अप्रेल 2025
रिपोर्ट : एडिटर
पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता महेश जोशी की ED द्वारा गिरफ्तारी पर कैबिनेट मंत्री डॉ किरोड़ी लाल ने कहा है -ED ने मगरमच्छ पकड़े हैं, अब SOG में भी मछलियों से मगरमच्छ पकड़ने का समय आ गया है।
जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी के बाद सियासत भी तेज हो गई है। जोशी की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर लिखा - भाजपा का एक्सटॉर्शन डिपार्टमेंट बन चुके ED द्वारा पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण है।
गहलोत ने कहा - यह गिरफ्तारी ऐसे समय पर की गई है जब उनकी पत्नी करीब 15 दिन से जयपुर के एक अस्पताल में बेहोशी की हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। उनकी इच्छा थी कि इस मुश्किल परिस्थिति से निकलने के बाद ED को बयान दें। यह उन्हें भावनात्मक रूप से तोड़ने का प्रयास है जिससे उनसे मनमुताबिक बयान लिए जा सकें।
बता दे कि ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता महेश जोशी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया । गुरुवार को दिनभर चली पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें शाम को गिरफ्तार किया। उसके बाद कोर्ट में पेश करने पर कोर्ट ने जोशी को 4 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है।
किरोड़ी ने कहा- मैं ईडी से कहना चाहता हूं कि उस वक्त जो हेड ऑफ डिपार्टमेंट थे, टॉप लेवल पर जो ब्यूरोक्रेट बैठे थे। उनके भी प्रमाण दिए हैं, केवल महेश जोशी को पकड़कर इतिश्री न हो। जिन अफसरों ने जेजेएम में भ्रष्टाचार किया, वे पकड़े जाएं। किरोड़ी ने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से ये बात कही।
उन्होंने कहा - पहले कहा गया मगरमच्छ नहीं पकड़े जा रहे। 60 थानेदार पकड़े गए, एक आरएएस पकड़ा गया। जल जीवन मिशन में घोटाला हमने उजागर किया था। मैंने तीन दिन तक अशोक नगर थाने पर एफआईआर दर्ज करने के लिए धरना दिया था, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की। उल्टा मुझे गिरफ्तार करके ले गए।
किरोड़ी ने कहा - देर हुई, लेकिन अंधेर नहीं हुई। आखिरकार महेश जोशी जिनके प्रमाण मैंने ईडी को दिए थे, वो सही पाए गए और उनको गिरफ्तार किया गया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358147558
Leave a Comment