किश्तवाड़ में बादल फटा, 42 लोगों की मौत : 65 को बचाया गया , 100 से ज्यादा घायल , चशोटी गांव में मचैल माता की धार्मिक यात्रा के लिए पहुंचे कई लोग बहे

फोटो  : फाइल फोटो 

किश्तवाड़, 14 अगस्त 2025
रिपोर्ट  : एडिटर 

जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के मचैल माता यात्रा मार्ग पर चिशौती में गुरवार को बादल फटने से भारी तबाही हुई है। हादसे में 100 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। साथ ही अब तक 2 CISF जवान सहित 42 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 18 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद राहत कार्य बचाव जारी है।

किश्तवाड़ के पुलिस अधिकारी ने बताया कि बादल फटने के बाद मलबे में करीब 10 रिहायशी घर, 4 मंदिर, 4 सरकारी कार्यालय और तीर्थयात्रियों से भरा एक पुल बह गया। घटना के बाद सेना, NDRF और स्थानीय पुलिस के जवानों ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया हुआ है। अब तक 42 लोगों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डोडा-किश्तवाड़-रामबन (DKR) रेंज के DIG श्रीधर पाटिल ने किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की घटना पर कहा कि हमारा ध्यान राहत और बचाव कार्यों पर है। लगभग 40 घायलों को यहां लाया गया है, जिनमें से लगभग सभी की हालत स्थिर है, 2-3 की हालत गंभीर है। 3-4 लोगों को जम्मू रेफर किया गया है। लोगों से अनुरोध है कि घबराएं नहीं, हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने  कहा कि बादल फटने से बहुत बड़ा हादसा हुआ। किश्तवाड़ में माता मचेल की यात्रा के बेस कैंप पर यह हादसा हुआ, बहुत नुकसान हुआ है। घायलों की संख्या लगभग 98-100 है, प्रशासन उन्हें निकालने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद स्थिति पर नज़र रख रहे हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, प्रशासन को हर संभव मदद देने को कहा गया है... कोशिश है कि लोगों को वहां से निकाला जाए।  प्रशासन पूरी तरह से तैनात है, डिप्टी कमिश्नर खुद मौके पर मौजूद हैं और सरकार की तरफ से सभी निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इतने बड़े हादसे की वजह से मुख्यमंत्री का कश्मीर में जो कार्यक्रम होना था, उसे रद्द कर दिया गया है। परेड के बाद जो सांस्कृतिक गतिविधि होनी थी, उसे भी रद्द कर दिया गया है... मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिवारों को हिम्मत दे और जो घायल हुए हैं वे जल्द ठीक हों।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358147558

Related News

Leave a Comment

Submit