वीडियो न्यूज़ : खेतड़ी में हार्डवेयर की दुकान में भीषण विस्फोट : दुकान में सोया हुआ व्यक्ति 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरा, एक की मौत, दुकानदारो में मचा हड़कंप

फोटो  : फाइल फोटो 

खेतड़ी , 29 अक्टूबर 2025
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

खेतड़ी कस्बे के निजामपुर मोड़ पर बुधवार देर रात एक हार्डवेयर की दुकान में भीषण विस्फोट होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि दुकान का लोहे का शटर करीब 60 फीट दूर जाकर गिरा, जबकि दुकान के अंदर सो रहा व्यक्ति धमाके की ताकत से 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। हादसे में दुकानदार पपुरना निवासी शंकर लाल की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात अचानक जोरदार धमाका हुआ जिससे आसपास की पूरी गली दहल गई। लोगों ने देखा कि हार्डवेयर की दुकान से धुआं और लपटें उठ रही थीं। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए और सड़क पर मलबा बिखर गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सुचना पर खेतड़ी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के शव को खेतड़ी के राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रूप से यह आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट गैस सिलेंडर या किसी केमिकल के कारण हुआ होगा, क्योंकि दुकान में पेंट और थिनर जैसी ज्वलनशील सामग्री रखी जाती थी।

विस्फोट के बाद लगी आग तेजी से पास की किताबों की दुकान तक फैल गई, जिससे वहां भी भारी नुकसान हुआ। आग पर काबू पाने के लिए हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) और नगर पालिका की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और लगातार मशक्कत कर रही हैं।

मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। आसपास की दुकानों को खाली करवाया गया है ताकि किसी और हादसे से बचा जा सके। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

स्थानीय लोगों ने इस घटना को खेतड़ी में अब तक हुए सबसे भीषण विस्फोटों में से एक बताया है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit