फोटो : फाइल फोटो
मथुरा, 16 दिसंबर 2025
रिपोर्ट : एडिटर
मथुरा में दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण 7 बसों और 3 कारों में भिडंत हो गई । टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई। हादसे में 4 लोगों की जलकर मौत हो गई और कई दर्जन लोग घायल हो गए । मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है ।
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा था। अचानक एक बस ने रफ्तार धीमी की। इसके चलते कई वाहन एक-दूसरे से टकराते गए। प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि टक्कर के बाद ऐसा लगा कि बम फटा हो। लोग बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूद रहे थे।
सीएम ने की आर्थिक सहायता की घोषणा :-
हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने सभी एजेंसियों और अधिकारियों को राहत कार्यों में तेज़ी लाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
हादसे पर मथुरा DM चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि आज सुबह 4-4:30 के बीच घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। इसमें 5 बसें और दो छोटी गाड़ियां बहुत ज्यादा जल गई हैं... लगभग 25 लोग घायल हुए हैं। 4 शव बरामद हुए हैं। मुख्यमंत्री ने तुरंत घटना का संज्ञान लिया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। राहत और बचाव अभियान अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
मथुरा SSP श्लोक कुमार ने बताया कि आज सुबह 4 बजे के करीब 8 बस और तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं और आग लग गई। 4 लोगों की मृत्यु हुई है। राहत-बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।"
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment