फोटो : फाइल फोटो
सिरोही 18 जनवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
भाजपा के दिग्गज नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राज के पुरोहित का रविवार तड़के निधन हो गया। 71 वर्षीय राज के पुरोहित पिछले कई दिनों से मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वे मूल रूप से राजस्थान के सिरोही जिले के निवासी थे।
राज के पुरोहित के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार राज के पुरोहित कई दिनों से बीमार थे और 15 जनवरी से मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती थे। जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उनका निधन हो गया।
पुरोहित मुख्य रूप से मुंबादेवी से चार बार और कोलाबा से एक बार विधायक रहे। वे महाराष्ट्र सरकार में गृहनिर्माण मंत्री और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में मंत्री रह चुके थे। मुंबई भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के रूप में उन्होंने दक्षिण मुंबई में पार्टी की जड़ें मजबूत कीं। उनके बेटे आशीष पुरोहित ने हाल ही बीएमसी के चुनाव में जीत दर्ज की है।
उनके अंतिम दर्शन रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक राजहंस बिल्डिंग, जी रोड, मरीन ड्राइव, मुंबई में किए जा सकेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे अंतिम यात्रा मुक्तिधाम चंदनवाड़ी, सोनपुर लेन के लिए प्रस्थान करेगी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment