फोटो : फाइल फोटो
भरतपुर , 23 जनवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र में अग्निवीर जवान का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला है। जवान तीन महीने बाद छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। जवान का शव उसके घर से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर झाड़ियों के पास पड़ा मिला।
परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी जान गई है। मृतक जवान पुष्पेंद्र 3 साल पहले अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में सियाचिन में तैनात था। पुष्पेंद्र (22) पीपला गांव का निवासी था।
3 महीने बाद छुट्टी पर घर आ रहा था:-
जवान के ताऊ शेर सिंह ने बताया कि पुष्पेंद्र लंबे समय बाद छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे उसने अपने पिता विजय सिंह को फोन कर बताया था कि वह मथुरा पहुंच चुका है और डेढ़ घंटे में घर पहुंच जाएगा। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य उसके आने का इंतजार करते रहे लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन चिंतित हो गए।
रात करीब 10 बजे तक पुष्पेंद्र के नहीं पहुंचने पर उसके पिता विजय सिंह, भाई रूपेंद्र और गांव के कुछ युवक उसे ढूंढने निकल पड़े। सभी लोग पीपला गांव के बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। वापस लौटते समय गांव के एक युवक की नजर सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव पुष्पेंद्र का ही निकला।
गांव में शोक का माहौल :-
ग्रामीणों ने देखा कि घटनास्थल पर काफी खून फैला हुआ था। इसके बाद तुरंत पुष्पेंद्र को आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
पुष्पेंद्र अविवाहित था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई रूपेंद्र है, जो पीपला बस स्टैंड के पास परचून की दुकान चलाता है। वहीं उसकी एक 18 वर्षीय छोटी बहन भी है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। मृतक के पिता विजय सिंह खेती-किसानी करते हैं। बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment