फोटो : फाइल फोटो
बांसवाडा, 28 फरवरी 2026
रिपोर्ट : एडिटर
जिले में शनिवार को 12वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की रास्ते में हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई। इस दौरान छात्रा के साथ उसकी सहेलियां भी थी। घटना सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के सागवा गांव की है, जहां सुबह करीब 8:30 बजे यह हादसा हुआ।
छात्रा सहेलियों के साथ हॉस्टल से स्कूल जा रही थी, तभी उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
मृतक छात्रा पूजा कुमारी मीणा 12वीं कक्षा की छात्रा थी और पिछले दो वर्षों से सागवा स्थित सरकारी बालिका छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सागवा में अध्ययनरत थी और शनिवार को कृषि विज्ञान विषय की बोर्ड परीक्षा देने जा रही थी।
प्रतापगढ़ की रहने वाली थी छात्रा:-
सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि पूजा कुमारी मीणा मूल रूप से अरनोद (प्रतापगढ़) की रहने वाली थी। परीक्षा के लिए स्कूल जाते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। सहेलियों के अनुसार, वह कुछ कदम चलने के बाद लड़खड़ा गई और जमीन पर गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्कूल प्रशासन मौके पर पहुंचे।
छात्रा को निजी वाहन से सज्जनगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान छात्रावास की वार्डन प्रियंका चरपोटा भी साथ रहीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर स्कूल प्रिंसिपल की ओर से थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment