फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 04 मार्च 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना में आज पुलिस ने होली पर्व पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। शहर के कोतवाली थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने चंग-ढप की मधुर थाप पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
थाना परिसर रंगों से सराबोर नजर आया और माहौल पूरी तरह से उत्सवमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान कोतवाली सीआई बिजेंद्र सिंह ने भी गानों पर ठुमके लगाकर पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। सीआई के साथ पुलिसकर्मी तालियों के साथ झूमते नजर आए।
महिला पुलिसकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और यह संदेश दिया कि ड्यूटी के साथ-साथ त्योहारों को मिल-जुलकर मनाना आपसी सौहार्द को मजबूत करता है। चंग-ढप और पारंपरिक होली गीतों के बीच पुलिसकर्मियों ने जमकर गुलाल उड़ाया और खुशी का इजहार किया।
कोतवाली थाना परिसर में होली कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद अब सदर थाना परिसर में कल होली मनाई जाएगी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच सकारात्मक माहौल बनता है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment