फोटो : फाइल फोटो
पटना , 05 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जायेंगे । इसकी जानकारी खुद उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफोर्म एक्स पर ट्विट कर दी है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के कयास काफी समय से लगाए जा रहे थे । जिसका अब उन्होंने खुद ऐलान कर दिया है ।
नीतीश कुमार ने लिखा है कि, पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
नीतीश ने आगे लिखा कि, संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।
नई सरकार को समर्थन :-
मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
सीएम आवास के बाहर जुटे कार्यकर्ता :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बाद से जेडीयू के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी दिख रही है। नीतीश के राज्यसभा जाने की खबरों के विरोध में JD(U) कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर एकत्रित हुए है ।
जेडीयू के नाराज कार्यकर्ता सुबह-सुबह सीएम आवास के बाहर जुट गए। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है। दावा किया कि शराब माफिया और पार्टी के कुछ नेता जो हैं वो नीतीश कुमार को दिल्ली भेजना चाह रहे हैं।
'किसी के घर नहीं मनाई गई होली':-
जेडीयू नेता राजीव रंजन पटेल फूट-फूटकर रोने लगे. कहा, "नीतीश कुमार के अलावा कोई और मंजूर नहीं।" प्रदर्शन करने पहुंचे जेडीयू से जुड़े नेता ने कहा, "जो कल खबरों में चला है कि मुख्यमंत्री जी दिल्ली जाएंगे।इस खबर के बाद किसी के घर होली नहीं मनी है। जेडीयू के या बिहार के लोगों ने होली नहीं मनाई है। हम लोगों की होली खराब कर दी गई।"
बता दे कि आज (05 मार्च, 2026) राज्यसभा के लिए नामाकंन होना है। आज नामांकन का आखिरी दिन है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment