कोटा- बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का भूमि पूजन : दिसंबर 2027 में एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने का लक्ष्य, सीएम बोले - क्षेत्र अब एयर से भी जुड़ने जा रहा

फोटो  : फाइल फोटो 

कोटा, 07 मार्च 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

शिक्षा नगरी कोटा बेहतर रेल और रोड नेटवर्क के साथ अब एयर कनेक्टिविटी से भी जुड़ने वाला है। शहर के विकास और उम्मीदों को नए पंख लगने जा रहे हैं। बहुप्रतीक्षित कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का भूमि पूजन और शिलान्यास शनिवार को शंभूपुरा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने किया।

इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश सुनाया गया। पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई आशा और एक नई उपलब्धि का दिन है।

कोटा शिक्षा का ही नहीं, ऊर्जा का भी केंद्र है। कार्यक्रम में नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के लिए भूमि पूजन भी किया।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले हफ्ते मुझे राजस्थान आने का मौका मिला था। अजमेर की पवित्र धरती से मैंने राजस्थान के विकास से जुड़े हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया। आज मुझे कोटा से जुड़े एक जरूरी प्रोजेक्ट को लॉन्च करने का मौका मिला है। एक ही हफ्ते में 2 बड़े डेवलपमेंट प्रोग्राम का होना दिखाता है कि राजस्थान किस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कोटा रेल और सड़क के साथ अब एयर से भी जुड़ने जा रहा है। यहां पानी प्रचुर मात्रा में है और आने वाले समय में कोटा शिक्षा के साथ उद्यम के क्षेत्र में भी अग्रणी रहेगा। देश के कोने-कोने से लोग कोटा पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशन में सरकार लगातार काम कर रही है। राइजिंग राजस्थान के तहत 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए गए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपए के एमओयू धरातल पर उतारे जा चुके हैं। इससे 3 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।

वर्ष 2027 रखा है लक्ष्य :-

अगले वर्ष दिसंबर 2027 में एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 1500 करोड़ रुपए की लागत से बनने जा रहा यह एयरपोर्ट आने वाले समय में हाड़ौती के विकास को नई गति देगा। क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी और यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि एयरपोर्ट बनने के बाद कोटा की रेल और सड़क के साथ एयर कनेक्टिविटी भी पूरे देश से हो जाएगी। ऐसा लग रहा है मानो कोटा पूरे देश से कह रहा हो-पधारो सा…। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से देश में हर 45 दिन में एक नया एयरपोर्ट खुल रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 440 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 3200 मीटर लंबे रनवे के साथ 1507 करोड़ रुपए की लागत से नए कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit