फोटो : फाइल फोटो
जयपुर, 10 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
राजस्थान में मार्च के महीने में ही गर्मी अपना असर दिखा रही है। छह जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया, जबकि कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। पांच शहरों में पारा 39 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 10 और 11 मार्च को जैसलमेर, बाड़मेर समेत 4 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम केन्द्र के अनुसार, सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं, पांच शहरों में दिन का तापमान 39 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। केन्द्र ने मंगलवार को भी लू की चेतावनी दी है। राजधानी जयपुर में दिन का पारा 37.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 7.6 डिग्री अधिक रहा।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन:-
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी में उत्तर और मध्य भारत में बारिश कम हुई। सूर्य की गर्मी सीधे सतह तक पहुंचने से सतह गर्म हो रही है। पश्चिम और मध्य भारत के ऊपर एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।
अमेरिकी मौसम एजेंसी नोआ के अनुसार अगले तीन महीने ला-नीना और अलनीनो परिस्थिति के आसार नहीं है। जून के शुरुआत में अलनीनो दस्तक दे सकता है। इसी दौरान मानसून की एंट्री होती है। इसलिए मानसून बिगड़ सकता है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment