राजस्थान पंचायत चुनावों में SC का दखल से इनकार : कोर्ट ने याचिका को किया खारिज, याचिकार्ताओं को हाई कोर्ट जाने का दिया निर्देश, 15 अप्रैल तक चुनाव कराने के दिए थे निर्देश

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 12 मार्च 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर दखल देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने बिहारीलाल रणवा व अन्य याचिकाकर्ताओं को हाई कोर्ट अथवा किसी अन्य उपयुक्त मंच के समक्ष जाने के लिए कहा है।

याचिकाकर्ता का कहना था कि राजस्थान सरकार चुनाव प्रक्रिया को विलंबित करने का प्रयास कर रही है, जबकि सरकार ने पहले सर्वोच्च न्यायालय में आश्वासन दिया था कि चुनाव प्रक्रिया 15 अप्रैल, 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी। ऐसे में याचिकाकर्ता ने यह सुनिश्चित करने के लिए शीर्ष न्यायालय से हस्तक्षेप का आग्रह किया कि चुनाव निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न हो।

गुरुवार को सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच ने याचिका पर विचार करने से इनकार करते हुए कहा कि इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए इच्छुक नहीं है। यदि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित समय सीमा या निर्देशों के उल्लंघन का कोई आरोप उत्पन्न होता है, तो याचिकाकर्ता हाईकोर्ट के समक्ष जा सकता है।

15 अप्रैल, 2026 तक चुनाव के थे निर्देश :-

दरसल राजस्थान हाईकोर्ट ने 14 नवंबर, 2025 को सभी याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए राज्य सरकार को प्रदेश में 15 अप्रैल, 2026 तक पंचायत और निकाय चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। इस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर कई याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में समय सीमा में चुनाव कराने का आश्वासन दिया था।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit