फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 12 मार्च 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना के निकटवर्ती ग्राम मावण्डा आरएस की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में गुरुवार को विद्यालय स्टाफ ने अपने साथी अध्यापक बाबूलाल किरोड़ीवाल को साफा पहनाकर व मालाओं से लादकर सम्मानित किया।
यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस अडिग ईमानदारी का था जिसने आज के दौर में भी इंसानियत का भरोसा कायम रखा है। उनकी इस निष्ठा पर पूरे शाला परिवार का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।
मंगलसूत्र लौटाया :-
इस सम्मान के पीछे एक बेहद भावुक कर देने वाली घटना थी। अध्यापक बाबूलाल किरोड़ीवाल को रास्ते में सोने का एक मंगलसूत्र गिरा हुआ मिला था। किसी दूसरे की अमानत को देखकर उनके मन में तनिक भी लालच नहीं आया, बल्कि उनके भीतर उस परिवार की चिंता जागी जिसका यह कीमती आभूषण खो गया था। उन्होंने कड़ी मेहनत से इसके असली मालिक का पता लगाया और हीरानगर रोड निवासी ओमी कंवर के घर जाकर, वह मंगलसूत्र सुरक्षित उनके हाथों में सौंप दिया।
इस नेकदिली को सलाम करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में संस्था प्रधान श्रवण चोपड़ा सहित उप-प्रधानाचार्य लक्ष्मी शर्मा, व्याख्याता रितु कुमारी, रोशन पंवार , इन्द्राज सिंह खारड़िया सुरेन्द्र सिह शेखावत ललिता व समस्त शिक्षक साथियों ने बाबूलाल जी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के हर सदस्य की आंखों में अपने साथी के लिए सम्मान के भाव थे, जो यह सीख दे रहे थे कि ईमानदारी ही सबसे बड़ा धन है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment