फोटो : फाइल फोटो
जयपुर, 13 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
राजस्थान में एलपीजी सिलेंडर किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर आज कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। कांग्रेस ने आज सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया। जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर विरोध जताया और ऑटो चालकों और गरीब परिवारों को राहत देने के लिए सरकार से अतिरिक्त फंड जारी करने की मांग की।
कहीं जिलाध्यक्ष कंधे पर सिलेंडर उठाकर पहुंचे तो कहीं पूर्व मंत्री ठेला लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहीं, पाली में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने चूल्हा जलाकर चाय बनाई और रोटी सेककर अनोखे अंदाज में विरोध जताया।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को चांदपोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। इसके बाद कांग्रेसी नेता-कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार का सांकेतिक पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चूल्हे में खाना पकाकर जनता की परेशानी पर विरोध जाहिर किया।
इस दौरान जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत विदेश नीतियों के कारण देश में ईंधन का संकट पैदा हो गया है और महंगाई बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि लोग गैस सिलेंडर की बुकिंग तक नहीं कर पा रहे हैं और बुकिंग नंबर लगातार व्यस्त रहता है। मजबूरी में लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी के घरों की रसोई पर संकट खड़ा हो गया है और सरकार को तुरंत बढ़ी हुई गैस कीमतें वापस लेनी चाहिए।
भाजपा को लाने का इनाम मिला :-
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में गैस सिलेंडर के साथ-साथ बीजेपी नेता भी गायब हैं। खाचरियावास ने कहा कि जनता को भाजपा को सत्ता में लाने का इनाम मिल गया है।
उन्होंने कहा कि घरों की रसोई से सिलेंडर गायब हो गया है और अब भाजपा के नेता भी गायब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले गैस सिलेंडर महंगे किए गए और अब केरोसिन देने की बात कही जा रही है, लेकिन वह भी लोगों को नहीं मिल रहा।
खाचरियावास ने कहा कि जयपुर शहर में 10 हजार से ज्यादा ऑटो रिक्शा बंद हो गए हैं। सरकार को ऑटो चालकों के लिए अलग से फंड देना चाहिए। साथ ही जिन गरीब परिवारों के घरों में रोटी नहीं बन पा रही है, उनके लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ गैस ही नहीं, बल्कि हवाई जहाज कंपनियों ने भी किराए बढ़ा दिए हैं, ऐसे में सरकार को टैक्स कम करना चाहिए।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment