फोटो : फाइल फोटो
बालोतरा , 13 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
बालोतरा शहर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया के तीसरे फेस स्थित एक निजी कपड़ा फैक्ट्री में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री के स्लज टैंक की सफाई के दौरान उसमें उतरे जीजा-साले समेत 3 लोगों की मौत हो गई। जहरीली गैस के कारण तीनों मजदूर बेहोश हो गए थे। साथी मजूदरों ने उनको बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों व स्थानीय लोगों की भीड़ नाहटा जिला अस्पताल में जमा हो गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में बने स्लज टैंक की सफाई का कार्य चल रहा था। सफाई के दौरान तीन मजदूर टैंक के अंदर उतरकर काम कर रहे थे। इसी दौरान टैंक के अंदर अचानक जहरीली गैस फैलने से तीनों की तबीयत बिगड़ गई। मजदूरों के बेहोश होने पर उन्हें तुरंत बाहर निकाला गया और आनन-फानन में नाहटा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मृत मजदूरों की पहचान गुमनाराम (30), श्रवण (25) और विशंभर (54) के रूप में हुई है। तीनों मजदूर फैक्ट्री में सफाई कार्य कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां माहौल गमगीन हो गया।
अधिकारी पहुंचे अस्पताल :-
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सूचना पर एसडीएम और डीएसपी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से भी हादसे के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।
बालोतरा एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि कपड़ा फैक्ट्री में मौका मुआयना किया गया है। शवों को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया है। जहरीली गैस के कारण इनकी मौत हुई है।
लोगों ने रास्ता जाम किया :-
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने राजकीय नाहटा अस्पताल की मोर्चरी के बाहर सड़क पर रास्ता रोक दिया। बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और मोर्चरी के बाहर एकत्र होकर रास्ता जाम कर दिया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment