नीमकाथाना में जिला कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन : रसोई गैस सिलेंडर की कमी को लेकरअतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना, सौंपा ज्ञापन

फोटो  : फाइल फोटो 

नीमकाथाना, 13 मार्च 2026
रिपोर्ट  : किशोर सिंह लोचिब 

नीमकाथाना जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।

धरने में नीमकाथाना कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद नारायण घसिया, विधायक सुरेश मोदी, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल, युवा नेता बालेंदु सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और अतिरिक्त जिला कलेक्टर भागीरथ साख को ज्ञापन सौंपा।

धरने में लोगों को संबोधित करते हुए नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी ने कहा कि बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतें कम करने और लोगों को राहत देने की मांग की। मोदी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष गोविंद नारायण घसिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अचानक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और गैस की किल्लत सरकार की नीतियों की विफलता दर्शाती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को भी असफल बताया, जिससे देश में आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। घसिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रही है।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमत में अचानक 60 रुपए की बढ़ोतरी और इसके बावजूद कई जगहों पर सिलेंडर का उपलब्ध न होना चिंताजनक है। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी बढ़ती कीमतों और गैस की किल्लत को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और सरकार से आम लोगों को राहत देने की मांग करती रहेगी।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit