प्रतियोगिता में 21 टीमें ले रही भाग : पंच गौरव योजना के तहत दो दिवसीय जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाडी प्रतिभा का कर रहे प्रदर्शन

फोटो  : फाइल फोटो 

सीकर, 15 मार्च 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

सीकर में पंच गौरव योजना के तहत दो दिवसीय जिला स्तरीय बालक-बालिका वर्ग बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को शहर के सांवली रोड स्थित जिला खेल स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन पंच गौरव क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी एडीएम रतन कुमार, उपनिदेशक सांख्यिकी विभाग डॉ. अनिल शर्मा और पंच गौरव खेल विभाग के नोडल अधिकारी एवं जिला खेल अधिकारी प्रकाश राम गोदारा के मार्गदर्शन में किया गया।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पूर्व सीकर विधायक रतन लाल जलधारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ तथा विशिष्ट अतिथि उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल रहे। पूर्व विधायक रतन जलधारी ने बास्केट में बॉल डालकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की करीब 21 टीमें भाग ले रही हैं।

प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी तथा एक प्रशिक्षक शामिल है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सीकर रतन जलधारी ने कहा कि पंच गौरव योजना के अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल सीकर जिले का प्रमुख खेल है, जिसे शेखावाटी के पंच गौरव में भी शामिल किया गया है। जिले के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और सीकर का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना भी सिखाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में भी अवसर प्राप्त होते हैं, इसलिए शिक्षा के साथ खेलों में भी भागीदारी आवश्यक है।

जिला खेल अधिकारी प्रकाश राम गोदारा ने बताया कि पंच गौरव योजना के तहत आयोजित इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले भर से करीब 21 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि सीकर के निकट स्थित दूजोद गांव को बास्केटबॉल की खान के रूप में जाना जाता है। इसी कारण बास्केटबॉल को जिले के पंच गौरव में शामिल किया गया है। सीकर जिला प्रदेश भर में बास्केटबॉल खेल के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। जिले से अब तक करीब 26 खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है, जिनमें दो ओलंपियन अवॉर्डी तथा एक अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ी भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, नई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल किट भी प्रदान की जाएगी, ताकि उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल, पूर्व एडीएम ईश्वर सिंह राठौड़, दयाल सिंह रोरू, पूर्व खेल अधिकारी एवं गुरु वशिष्ठ पुरस्कार से सम्मानित भंवर सिंह शेखावत, जिला बास्केटबॉल संघ सचिव अयूब खान, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं एसके स्कूल अकादमी कोच राजेंद्र सिंह चौहान, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नवनीत सिंह चौधरी, एनआईओएस कोच जसवंत सिंह शेखावत सहित अनेक प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit