फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 16 मार्च 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाकर प्रतिभाओं को निखारने तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए नीमकाथाना के खादरा ग्राम में स्थित बाल विकास सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक माडू राम सैनी को प्रतिष्ठित “राजस्थान समरसता गौरव अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संगठन अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा 30 मार्च 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रतिनिधियों सहित लगभग 25 देशों के अतिथियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
मंच के संयोजक एवं नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने बताया कि सैनी ने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके नेतृत्व में संचालित विद्यालय ने शिक्षा की गुणवत्ता, संस्कार और अनुशासन के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है।
सैनी द्वारा स्थापित विद्यालय ने ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए प्रेरित किया है। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक चेतना, संस्कार और सेवा भाव को बढ़ावा देने में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है।
“राजस्थान समरसता गौरव अवार्ड” के लिए चयन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मित्रों एवं ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने माडू राम सैनी को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment