नगरपालिका की पूर्व वाइस चेयरमैन ने किया सुसाइड : पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का लगाया आरोप, पुलिस मामले की जांच में जुटी

फोटो  : फाइल फोटो 

खेतड़ी, 18 मार्च 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

खेतड़ी नगरपालिका की निर्वतमान वाइस चेयरमैन सुनीता देवी (35) ने बुधवार को फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पीहर पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे । पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है।

बता दें कि सुनीता देवी पत्नी गजेंद्र खेतड़ी नगरपालिका की वाइस चेयरमैन थीं। जिनका 7 फरवरी में कार्यकाल पूरा हुआ था। सुनिता देवी का पीहर झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ शहर में है।

खेतड़ी थाना एएसआई कैलाश चंद ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि पालिका की पूर्व वाइस चेयरमैन सुनिता देवी ने सुसाइड कर लिया है। उनके पति गजेंद्र उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के भाई अर्पित ने बताया कि सुबह 6 बजे सूचना मिली कि मेरी बहन की मौत हो गई है। इस पर 8:30 बजे अस्पताल पहुंचे। जहां मेरी बहन मृत मिली। उसके कंधे और पेट पर चोट के निशान थे।

उन्होंने बताया कि 13 नवंबर 2013 को मेरी बहन सुनीता की खेतड़ी निवासी गजेंद्र से शादी हुई थी। शादी में उनके पिता ने करीब 40 लाख रुपए खर्च किए थे। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग, जिनमें पति गजेंद्र, सास सज्जना, ससुर सोहनलाल, ननद सुनीता और जेठ पवन मेरी बहन से खुश नहीं थे।

भाई अर्पित ने कहा कि ससुराल पक्ष ने सुनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और स्कार्पियो गाड़ी और 11 लाख रुपए लाने की मांग की। 2021 में जब सुनीता ने पार्षद का चुनाव लड़ा, तो ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित कर पीहर से 3 लाख रुपए मंगवाए। इसके बाद उनकी पैसों की मांग बढ़ती गई और सुनीता के साथ मारपीट कर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

भाई ने लगाए अवैध संबंध के आरोप :-

मृतका के भाई नेआरोप लगाया कि गजेंद्र के जयपुर की एक लड़की से अवैध संबंध थे। गजेंद्र उस लड़की से वीडियो कॉल पर बात करता था और वह लड़की सुनीता को जान से मारने की धमकी देती थी।

एएसआई कैलाश चंद ने बताया कि सुबह सूचना के बाद टीम अस्पताल और घर पहुंची। जहां से जानकारी जुटाई गई है। पीहर पक्ष की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मृतका के शव को राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit