फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 18 मार्च 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना के रावजी का मोहल्ला में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। ताजा घटना में बंदरों के हमले से एक मासूम बच्चा घायल हो गया, जिसे परिजनों द्वारा तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। गनीमत रही कि बच्चे को ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस घटना के बाद क्षेत्र में डर का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बंदर दो अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं। आए दिन बंदर घरों की छतों और गलियों में घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को बाहर निकलने में डर लगने लगा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान भी उठा ले जाते हैं। लगातार बढ़ती समस्या के कारण मोहल्ले में तनाव का माहौल बना हुआ है।
समाधान की मांग :-
मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर नहीं छोड़ा गया, तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। लोगों ने नगर पालिका प्रशाशन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment