घरेलू गैस आपूर्ति पर मंत्री ने ली बैठक : ओटीपी और डायरी में एंट्री के बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर, मंत्री ने कहा - प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 19 मार्च 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

जयपुर स्थित सचिवालय में राजस्थान में घरेलू गैस आपूर्ति पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।

गोदारा ने कहा कि प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। बुकिंग के तीन से चार दिनों के अंदर घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को मिल रहा है। गोदारा ने कहा कि प्रदेश में अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थाओं, धार्मिक स्थलों में सुचारू रूप से गैस सिलेंडर आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है एवं उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

ओटीपी और डायरी में एंट्री के बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर:-

गोदारा ने कहा कि प्रदेश में संचालित लगभग 1300 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को निरंतर रसोई गैस आपूर्ति हो रही है। बिना ओटीपी और डायरी में एंट्री किए गैस सिलेंडर के डाइवर्जन की घटनाएं कुछ एजेंसियों में सामने आई है।

उन्होंने गैस कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब ओटीपी और डायरी में एंट्री किए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी ताकि फर्जी बुकिंग से होने वाले डाइवर्जन की पूर्णतया रोकथाम हो सके तथा उपभोक्ताओं को अधिकतम राहत मिले।

उन्होंने गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को ओटीपी एवं डायरी में एंट्री की अनिवार्यता के संबंध में सभी गैस एजेंसियों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए हैं।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit