फोटो : फाइल फोटो
जयपुर, 21 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
देशभर में आज ईद उल फितर (ईद) का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है । राजधानी के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। अमन चैन की दुआ मांगी गई। इसके बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। हिंदुओं ने नमाजियों पर फूल बरसाए।
हिंदू-मुस्लिम एकता समिति के तहत हिंदू समुदाय के लोगों ने ईद-उल-फितर पर जयपुर में ईदगाह पर नमाज़ पढ़ने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों पर फूल बरसाए।
राम के बिना रमजान नही :-
जयपुर में हिंदू मुस्लिम सामाजिक एकता समिति के सदस्य राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि सभी को ईद मुबारक। मैं हिंदू-मुस्लिम एकता समिति से हूं। हमारे बीच हमेशा भाईचारा बना रहे। कुछ लोग मतभेद पैदा करना चाहते हैं, और यह गलत है। राम के बिना रमजान नहीं होता और ईद के बिना दिवाली न होती है। हम इसके माध्यम से यह संदेश देना चाहते हैं कि हम एक हैं।
ईरान पर हमले का विरोध :-
ईरान पर हो रहे हमले का विरोध जयपुर, सीकर, अजमेर सहित राजस्थान के कई जिलों में देखने को मिला। शनिवार को काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की गई। मस्जिदों पर काले झंडे लगाए गए। इस दौरान अमेरिका-इजराइल के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
जयपुर के आमेर में शिया और सुन्नी मुस्लिम समाज की महिलाएं-बच्चे सड़क पर उतरे। उन्होंने रैली निकालकर अमेरिका-इजराइल मुर्दाबाद के नारे लगाए। ऐसे ही सुभाष चौक पर शिया समुदाय के लोगों ने इजराइल और अमेरिका के खिलाफ मुर्दाबाद लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया।
अजमेर स्थित दौराई के इमाम-ए-जुमा मौलाना सैय्यद तकी जाफर ने कहा- ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत के कारण समाज शोक मना रहा है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment