फोटो : फाइल फोटो
झुंझुनू, 21 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
झुंझुनू के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक आईपीएस अधिकारी कावेंद्र सिंह सागर ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भव्य स्वागत और पदभार ग्रहण:-
शनिवार सुबह जब नवागत एसपी जिला पुलिस कार्यालय पहुँचे, तो वहाँ मौजूद आला अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। एएसपी देवेन्द्र सिंह राजावत, सीओ सिटी गोपालसिंह ढाका, सीओ ग्रामीण हरिसिंह घायल और शहर कोतवाल श्रवण कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
इससे पूर्व सर्किट हाउस पहुँचने पर श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी डॉ. डीएन तुलस्यान एवं सीए पवन केडिया ने माल्यार्पण कर और राधाकृष्ण का प्रतीक चिह्न भेंट कर उन्हें उज्जवल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
'अपराध मुक्त झुंझुनूं':-
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध तस्करी और अवांछित तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए हरियाणा सीमा पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस करे और रिस्पांस टाइम कम हो सके। आगामी चुनावों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
उत्तर प्रदेश के मूल निवासी कावेंद्र सिंह सागर के पास पुलिसिंग का व्यापक अनुभव है। BA ऑनर्स और MIB (मास्टर ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस) की शिक्षा प्राप्त सागर इससे पहले बीकानेर में एसपी रह चुके हैं। इसके अलावा वे जयपुर में विभिन्न क्षेत्रों के DCP, कोटा ग्रामीण और बांसवाड़ा में SP के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रशासनिक स्थिरता की उम्मीद:-
झुंझुनूं जिले के लिए यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि पिछले ढाई साल में जिले ने 8 पुलिस कप्तान बदले हैं। महज 4 दिन के कार्यकाल (ज्ञानचंद यादव) जैसे उदाहरणों के बीच, जिले की जनता को उम्मीद है कि कावेंद्र सिंह सागर के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन को स्थायित्व मिलेगा और कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment