फोटो : फाइल फोटो
फलोदी, 21 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
फलोदी के मतोड़ा थाना क्षेत्र के भीकमकोर गांव के बस स्टैंड पर शनिवार को दिन दहाड़े मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। तीनों बदमाश हेलमेट लगाकर आए थे। वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ युवक को तत्काल ओसियां अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जोधपुर के लिए रेफर कर दिया।
जोधपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत और फलोदी पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार रावलसिंह पुत्र नरपतसिंह निवासी नोसर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बस स्टैंड पर खड़ा था। इस दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने रावल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी । इसमें रावल नीचे गिर गया। बदमाश उसके पास आए दोबारा फायर किया। इसके बाद वे फरार हो गए।
फायरिंग की घटना के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। खून से लथपथ रावलसिंह को रिश्तेदारों ने ओसियां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया।
आरोपियों की तलाश जारी :-
पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतक की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश भी सामने आई है, लेकिन इस वारदात को अंजाम देने वालों की तलाश की जा रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment